प्रेम ने पिघला दिया है मुझे बर्फ की भांति
एक झरना बना दिया है
ग्रीष्म की धाराओं की तरह बेचैन
मैं अथक अविराम बह रहीं हूँ
कुछ किताबें गजब संयोग लेकर आती हैं। ऐसा ही एक संयोग लेकर आई किताब है वरिष्ठ कथाकार गीताश्री जी की “हब्बा की खोज” जिसे मैंने तब पढ़ा जब शिक्षा व्यवस्था में को लेकर जंतर मंतर पर आंदोलन रफ्तार पकड़ रहा था। अखबार खबरें और रीले…हमारी भी दुनिया बदली थी उन दिनों । किताब पर कुछ कहना रह गया। संयोग देखिए कि जब लड़कियां अपनी सुरक्षा को लेकर सड़क पर हैं तो मेज पर किताबों की उलट-पुलट करते हुए हब्बा स्वयं सामने आ गई, “लड़कियां आजादी की बात कर रहीं हैं तुम मुझे अपने जेहन से कब आजाद करोगी?” आजादी भी अजीब शय है, जब हम किसी को आजाद करते हैं हैं तो खुद भी आजाद होते हैं।
किताब उठाकर लगा कि हब्बा ही नहीं इतिहास की कितनी नायिकाएँ आजादी मांग रहीं हैं कि उनके मन को उनके मन की तरह पढ़ा जाए। स्त्री कलमें ये जिम्मेदारी उठा रहीं है धीरे-धीरे उन्हें गुमनामी की कैद से आजाद किया जा रहा है। हब्बा के गाँव के बाहर खड़ी गीताश्री जी लिखती भी हैं कि, “दुनिया से कुछ हिसाब किताब करना है। स्त्री के प्रति इतिहास की अनदेखी को सामने लाना है।”
हब्बा की खोज- दर्द की धुनों पर लिखी आंसुओं की सरगम
फूल सी कोमल, हवा सी चंचल, दरख्तों से बतियाती, पहाड़ों को अपने गीत सौंपती हब्बा पर यूं तो कई किताबें लिखी जा चुकी हैं पर इस किताब की खासियत है कि उसके साहित्य और जीवन के साथ ही उसके गाँव, कस्बों, उसके नाम पर बहते चश्मों को जीवंत कर देना। इतिहास, यात्रा वृतांत और साहित्य की वीथिकाओं से गुजरती ये पुस्तक विधाओं के आपसी सामंजस्य से विशेष बन पड़ी है। जहां हब्बा के प्रेम की दीवानगी उसके गीतों में झलकती है वहीं गीताश्री जी की हब्बा के प्रति दीवानगी और बाल सुलभ कौतूहल किताब के पन्नों पर बिखरा दिखता है। कई स्थानों पर पहाड़ों की चोटियाँ और चश्मे बोल उठते हैं और हब्बा और लेखिका एकमेव हो जाती है।
बचपन से प्रतिभासम्पन्न लड़की, पहाड़ियों पर अपने प्रियतम की तलाश में भटकती विरह व्यथित प्रेमिका और रूमानी शाइरी करती बेहतरीन कवयित्री जिसका इतिहास कश्मीर के पंपोर जिले के चंद्रहार से बिहार के बिस्वाक तक फैला हो उसके बारे में खोजना इतना सहज नहीं था। खासकर एक ऐसी स्त्री का इतिहास जो सहेजा ही न गया हो। कुछ चश्मों में अटका रह गया। कुछ हवाओं में और कुछ किवदंतियों में। लेखिका उन सभी संभावनाओं को विस्तार से बताती है पर एक जिम्मेदार लेखक की तरह किसी पर मोहर नहीं लगाती हैं। पाठक जगह-जगह हब्बा को समेटते हुए एक गुम हुई तस्वीर की कसक महसूस करता है और कश्मीर की हवाओं में घुली हब्बा को कविताओं में ढूँढता है जो पुस्तक के एक महत्वपूर्ण हिस्से की तरह संग्रहीत हैं।
मेरे साथ मेरे पति के घर में सब कुछ
अच्छा नहीं हो रहा है…
घरेलू हिंसा और प्रताड़ना से निकली ये पंक्तियाँ जून नाम की बेइंतहां खूबसूरत लड़की की हैं जिसे जून (चाँद) नाम भी लल्लेश्वरी के गीत गाने वाले फकीर सुभान साहिब ने दिया था। बाद में सूफी संत ख्वाजा मसूद ने पहली शादी के असफल होने पर “हब्बा” नाम दिया था। हब्बा खातून मतलब प्यार में डूबी हुई औरत। कविता रसिकों ने हब्बा नाम को अपना लिया और जून, हब्बा खातून हो गईं। पुस्तक हब्बा के बचपन, तालीम, पहली शादी के अत्याचारों, यूसुफ शाह से मुलाकात विवाह और बिछोह के अतरिक्त केसर की खेती, भारत पाकिस्तान की सीमा रेखा पर स्थित गुरेज घाटी के प्राकृतिक सौन्दर्य, किशनगंगा नदी, हब्बा चश्मा, हब्बा कदल आदि इलाकों से परिचय कराती चलती हैं। यहाँ तक की तुलनात्मक प्रसंग में स्विट्ज़रलैंड के इंटरलाकिन शहर का भी जिक्र आया है और कुछ लोककथाएँ भी।
किताब बताती है हब्बा कदल पुल के दो छोरों पर बसे लोगों का दो तरह का जीवन। कैसे पहले गिलगित घाटी के लोग कभी कश्मीर को खुद को अलग मानते थे। उनकी संस्कृति कश्मीरियों से भिन्न है। हब्बा के गाँव में तलाब के आकार का “हब्बा चश्मा” जिसका मीठा पानी आकाल में भी नहीं सूखता है के बारे में पढ़कर मुझे मनीष वैद्य जी की कहानी भूली भटियारिन का कुआँ याद आ गई। संभवतः जहां प्रेम की जड़ें इतनी गहरी हों वहाँ पानी भी ठहर जाता है। वे पंपोर की केसर उपजाने वाली उस माटी का जिक्र करती हैं जिसने आस-पास के दो गाँवों चंद्रहार और सिमपुरा दो सौ साल के अंतराल पर कश्मीर को ललद्यद और हब्बा खातून जैसी दो कवयित्रियाँ दीं । वे लिखती हैं, “एक रूहानी इश्क में गिरफ्तार तो दूसरी इंसानी इश्क में। एक ने अपनी मर्जी से घर संसार छोड़ा, विद्रोह किया। दूसरी को घर निकाला और फिर देश निकाला ।एक विद्रोही थी, दूसरी दीवानी। लेकिन दोनों कवयित्रियाँ थीं।”
किताब दोनों की रचनाओं की शैलियों की भिन्नता, प्रभाव का सूक्ष्म विश्लेषण करती है। दोनों का काव्य विरक्ति और दर्द से उपजा है – सुमित्रा नंदन पंत ने खूब कहा है।
“वियोगी होगा पहला कवि, आह से उपजा होगा गान,
निकल कर नयनों से चुपचाप, बही होगी कविता अनजान!”
और हब्बा लिखती हैं –
इस दुनिया का रमजान खत्म हो जाएगा
प्रेमियों की ईद भी
दावत प्यार की है, अरे उसे बुलाओ दोस्त !
प्रेम ही ईद है।
जहां आत्म की खोज में भटकती ललद्यद ‘वाख’ छंद में रचनाएँ करती हैं वहीं प्रियतम से बिछुड़ी हब्बा शाइरी की नई शैली ‘लोल’ में अपने अनुभवों को उकेरती हैं। और एक दिन भटकते-भटकते अपनी कविताओं की सौगात छोड़कर उस लोक चली जाती हैं।
हब्बा की कब्र कहाँ है?। उसके बारे में भी बस किस्से ही किस्से हैं। जिन जगहों पर संभावना बताई गई उनका भी सरकारी बेरुखी का शिकार होना पाठक के दिल को कचोटता है। पुस्तक में लिए गए साक्षात्कारों में भी रहस्य बना रहता है। पर इस सत्य से इनकार नहीं किया जा सकता कि हब्बा अपने गीतों में ढल कर कश्मीर की हवा में सुगंध सी बिखर गई और पाठकों के दिलों में बस गईं।
अंत में यही कहूँगी कि अपनी भावप्रवण शैली में लेखिका ने बहुत कुछ समेटा है जो पाठक को शांत करता है और उसकी जिज्ञासा को बढ़ा भी देता है। अब बारी पाठक की है। एक किताब इसी में सफल हो जाती है ।
इतिहास को सहेजने के लिए जरूरी है उसका खोजना, कलमबद्ध करना और संग्रहीत कर लेना। इस लिहाज से गीताश्री जी ने महत्वपूर्ण कार्य किया है।
बधाई और शुभकामनाएँ
वंदना बाजपेयी

यह भी पढ़ें –
वंदना वाजपेयी की कहानियाँ : नई संवेदनाओं की कथा-यात्रा
स्वर्ण, रक्त और ब्रह्मपुत्र – पुस्तक चर्चा
6 कथाकार 6 कहानियाँ – बदलते समय की दस्तक
आपको “हब्बा की खोज- दर्द की धुनों पर लिखी आंसुओं की सरगम” समीक्षात्मक आलेख कैसा लगा ? अपने विचारों से हमें अवश्य अवगत कराए अगर आपको हमारा काम पसंद आता है तो कृपया अटूट बंधन साइट सबसक्रीब करें व अटूट बंधन फ़ेसबुक पेज फॉलो करें । आपका छोटा सा सहयोग हमें बेहतर काम करने की प्रेरणा देगा ।