हमारे देश में बचपन से ही पचपन की प्रेम कथा की आशा में जिंदगी गुजार दी जाती है। घर, गृहस्थी, नौकरी, बच्चे, माता-पिता, रिश्ते नाते संभालते हुए एक आशा दीप मन में जला रहता है कि जब इन जिम्मेदारियों से मुक्त होंगे तो हम दोनों पति-पत्नी एक दूसरे के पूरा समय देंगे। साथ घूमने जाएंगे, फिल्में देखेंगे और घंटों पार्क में बैठेंगे। शायद इसी आशा में “जब हम होंगे 60 साल के और तुम होगी पचपन की/ बोलो प्रीत निभाओगी न फिर भी अपने बचपन की” गीत लिखा गया होगा। परंतु हकीकत जा कर उस पुराने मुहावरे के पक्ष में बैठ जाती है कि, “साठ साल की उम्र में आदमी सठिया जाता है।” इसी सठियाये यानि साठ और पचपन के हठयोग पर एक सहज, प्रभावी, प्रवाहमय उपन्यास “फुल पेंशन हाफ़ टेंशन” लेकर आई हैं हम सब की प्रिय भुल्लों बुआ यानि सुपरिचित व्यंग्यकार अर्चना चतुर्वेदी जी।
दरअसल हम विवाह के समय आपसी सामंजस्य की बात तो करते हैं पर ये नहीं सोचते कि जीवन में एक दौर ऐसा भी आता है जब साथ रचे बसे पति-पत्नी को एक दूसरे के साथ रहना फिर से सीखना पड़ता है। ये वो अवसर होता है जब पति रिटायर होकर 24 घंटे घर में साथ रहने के लिए आ जाता है। लंबे समय तक एक जीवन शैली में जीते हुए पत्नी घर की रानी बन जाती है और पति ऑफिस का राजा। अब एक ही अधिकार क्षेत्र में आने पर सत्ता युद्ध होना स्वाभाविक है। लेकिन ये केवल सत्ता युद्ध नहीं होता। ये मन का नई परिस्थितियों में अपनी पहचान ढूँढने का संघर्ष होता है। एक को नी पहचान बनानी होती है और दूसरे की खो रही होती है जिसका कई बार सेहत पर असर भी पड़ता है। अवसाद, या अनुपयोगी होने का भाव सिर चढ़कर बोलता है, जो कई बीमारियों को जन्म देता है। अर्चना जी ने एक गंभीर विषय को अपनी लोकप्रिय हास-परिहास और व्यंग्य शैली में उठाया है। ये उपन्यास चार घरों की खिड़की खोल देता है, जहां पल-पल चलती दिनचर्या का दिग्दर्शन पाठक को कराता है। कहीं लगता है ये तो जानी-पहचानी खिड़की है। कहीं आगत भविष्य दिखता है और कहीं आपको लग जाए कि ये खिड़की तो आपके ही घर में खुल रही है तो आश्चर्य नहीं।
“राम मिलाई जोड़ी, एक अंधा एक कोढ़ी” की कहावत हमने सुनी थी पर समय की धूप में पके दो साथी यूं बदल जाएँगे तो क्या धूम-धड़ाका होगा इसकी कल्पना सहज ही की जा सकती है। मसलन एक का सपना है तीर्थ यात्रा करने का तो दूसरे का थाईलैंड घूमने का। एक ने बच्चों के घर से बाहर जाने पर अकेलेपन से निजात के लिए किटी पार्टी को अपनाया था अब वही साथी जो उस समय ऑफिस कि व्यस्तता में अकेलेपन को नहीं समझा था अब पत्नी का साथ मांग रहा है। आप जोड़ते जाइए ऐसे विपरीत भाव वाले कितने किस्से हो सकते हैं और कितने तरह की उठा-पटक हो सकती है। अर्चना जी ने जीवन के तीसरे पन की इस रोमांचक यात्रा में बहुत कुछ समेटने का प्रयास किया है। खास बात यह है कि किसी भी जोड़े में प्यार कम नहीं हुआ है, मामला व्यवहार का है।

उपन्यास शुरू होता है शर्मा जी के रिटायरमेंट से और वहीं से पाठक उससे जुड़ जाता है और एक सिटिंग में पढ़ता जाता है। लेखिका और इंजीनियर पति की रिटायरमेंट पार्टी की रूमानियत कुछ ही दिनों में उतर जाती है, जब लेखिका का एकांत पति की खटर-पटर से बाधित होता है। पात्र अपनी जगह बना रहे हैं कि बोर होते पति की बार-बार टोका-टाकी से फुर्र से उड़ जाते हैं और दिन भर साथ रहने का नशा भी उतर जाता है। इस हिस्से को पढ़कर हर लेखिका को कम से कम छुट्टी के दिन ही सही ऊबते हुए पति की लेखन के समय टांग अड़ाना जरूर याद आएगा। स्त्री जीवन में ये रिटायर पति नई सास के रूप में अवतरित होते हैं और बच्चे उनके युद्ध के जज। युवा यानि जेन जी इसे अपने मम्मी-पापा से रिलेट करेंगे। क्या पता कल को इसके किस्से रील बनाकर डालें भी।
अब पति इंजीनियर हो तो कोई न कोई मशीन खोल कर दुरुस्त करने बैठ जायेगे। पत्नी बेचारी मसाला पीसने चले तो पता लगता है कि मिक्सी खुली पड़ी है और कभी कपड़ों का ढेर निपटाने की सोचे तो पता चलता है कि वाशिंग मशीन के कल पुर्जे पतिदेव से अपने हाथ-पैर दबवा रहे हैं। इंजीनियरों की पत्नियाँ इसे आसानी से समझ सकती हैं और बाकी के लिए, “जाके पैर न फटी बिबाई वो क्या जाने पीर पराई” हो सकता है। रिटायरमेंट के बाद थाली में चार तरह के व्यंजनों की मांग करते और “औरत का तो कभी रिटायरमेंट नहीं होता” बड़बड़ाती औरते आपको अपने आस-पास मिल जाएंगी।
यूं अर्चना जी ने उपन्यास में एक कपल ऐसा भी लिया है जो “हाउस हसबैन्ड है” यानि पत्नी रिटायर होकर आ रही है। पत्नी कि इच्छा है कि वह अब अपने घर को अपने हिसाब से सजाए और बरसों से घर संभालने वाला पति असुरक्षित महसूस करता है। फिर शुरू होती है नोक-झोंक। साहित्यिक दृष्टि से देखूँ तो अर्चना जी हाउस हसबैन्ड को पूरी सामाजिक मान्यता देती है। विमर्श काअ एक स्वरूप ये भी है। अलबत्ता सफेद बालों के साथ डेट पर जाने का अरमान मेडिकल डेट पर सिमट जाता है, कभी किसी ब्लड प्रेशर चेक कराना है तो कभी किसी का यूरिन टेस्ट।
ऑबसर्वेशन पर आधारित पूरी तरह से संवाद शैली में लिखे गए इस उपन्यास की विशेषता नोक-झोक के चुटीले और कसे संवाद हैं। कुछ भी बनावटी नहीं लगता। कहीं ये गुदगुदाता है तो कहीं सतर्क भी करेगा। चोरी छिपे की गई यात्राएँ और हजार मुँह से उनका सच उगलते वायरल वीडियो कहानी में सहज हास-परिहास का पुट देते हैं। लेखिका केवल समस्या दर्शा कर लौट नहीं जाती बल्कि समुचित समाधान भी दर्शाती हैं जो रिटायरमेंट के बाद अपने को खाली या अनुपयोगी समझते लोगों के काम आ सकता है। वहीं जिस साथी के साथ हाथ पकड़कर 30-40 साल की यात्रा की है उसके नए रूप के साथ जीवन बगिया फिर से खिलाने के अचूक नुस्खे भी बताती है। दूसरी विशेष बात इसका कवर पेज है जो इन तनावों से पार पाए युगल की सुखपूर्ण सह्यात्रा दर्शा रहा है।
अंत में यहीं कहूँगी कि भावना प्रकाशन से प्रकाशित इस 176 पेज रोचक, पठनीय, प्रभावी, प्रवाही उपन्यास के लिए लेखिका को बहुत-बहुत बधाई
*विशेष नोट- उपन्यास में मेरी यानी कथाकार वंदना बाजपेयी की गेस्ट एंट्री है। कहाँ है ये आप उपन्यास पढ़कर, खोजकर बताइए।
इस स्नेह के लिए बहुत सारा स्नेह अर्चना जी
यह भी पढ़ें
आपको समीक्षात्मक लेख फुल पेंशन हाफ़ टेंशन- एक नजर कैसा लगा ? अपने विचारों से हमें अवश्य अवगत कराएँ । अगर आपको अटूट बंधन की रचनाएँ पसंद आती हैं तो अटूट बंधन फ़ेसबुक पेज लाइक करें व अटूट बंधन पेज को सब्सक्राइव करें । आपका छोटा सा सहयोग हमें बेहतर काम करने की प्रेरणा देगा ।