темп на довгому трейловому підйомі

नितेश तिवारी की रामायण- भव्यता बेमिसाल दिव्यता पर उठे सवाल

लंबे इंतजार के बाद जब नितेश तिवारी की रामायण रिलीज हुई तो दर्शकों में उत्साह था। भले ही साई पल्लवी और रणबीर कपूर को राम-सीता के रूप में कल्पना करने में कुछ लोग असहज हो रहे थे। लेकिन संभावना के विपरीत फिल्म आते ही विवाद में घिर गई। किसी को राम पसंद नहीं तो किसी को सीता। कोई इसे रावणायन कह रहा है तो कोई वामायन। ऐसे में फिल्म देखने जाते समय दर्शक बहुत सारे विचार और वाद लेकर जाता है और उसे के अनुरूप उसकी राय बनती जाती है। पिछले दिनों मैंने भी ये फिल्म देखी और देखने से पहले जो जरूरी काम किया वह था स्वयं को विभिन्न मतों से डिटॉक्स करना।

हरि अनंत हरि कथा अनंता। कहहिं सुनहिं बहुबिधि सब संता॥

रामचंद्र के चरित सुहाए। कलप कोटि लगि जाहिं न गाए॥

यूँ राम कथा के मूल पाठ वाल्मीकि रामायण के बाद तुलसीदास की राम चरित मानस से लेकर 300 से अधिक राम कथाएँ मिलती हैं। जिसे हम साहित्यिक भाषा में दृष्टि कहते हैं यानि किसी पढ़ी हुई कहानी में हमें लगता है कि ऐसा नहीं संभवतः ऐसा हुआ होगा। दृष्टियाँ सत्य ही हों ये आवश्यक नहीं पर इसके आधार पर उसी कथा को आज लिखने वाला उसे समकाल से जोड़ता है। यानि कथा के मूल स्तंभों के मध्य आज राम सीता होते तो? वाल्मीकि की रामायण से तुलसी की रामायण की दृष्टि अलग है। वाल्मीकि राम के समकालीन माने जाते हैं और तुलसी ने राम में ईश्वरत्व का दिग्दर्शन किया। इन दोनों के बीच में भी लोक में राम रहें हैं- सहज सरल, समदर्शी, धैर्यवान, वन-वन भटकते, जनजातियों को जोड़ते करुणामय राम। ये ही लोक में बसे राम आम जनता के हृदय में बसे हैं।

फिर भी एक लोकगीत बचपन से सुनती आईं हूँ, जब लड़कियां विवाह के लिए गौरी पूजन को जाती हैं तब गाती हैं, “शिव सरीखा वर दीन्हों मुझे ऐ गौरा माई, राम रमैया वर पाही के सपनहुँ सुख नाहीं। मिथिला की लड़कियां आज भी अयोध्या में नहीं ब्याहीं जाती हैं। गौर करिए कि ये भी एक दृष्टि है जो मान्य है। इसके बरक्स नितेश तिवारी की रामायण देखूँ तो वो भी कई स्थानों पर नई दृष्टियाँ लेकर आती है। कुछ से सहमत होते हैं, कुछ से असहमत और कुछ से हमारा विरोध गहरा होता है। लेकिन कितनी भी नई स्थापनाएँ की जाएँ अंततः राम इस धर्मयुद्ध में आततायी रावण का अंत कर रामराज्य की स्थापना करते हैं।

 

अब रावण की पृष्ठभूमि को ही लीजिए, जो उसे एक संगीतप्रिय किशोर की तरह दर्शाती है जो माँ के कहने पर कठोर तप द्वारा वरदान हासिल कर त्रिलोक का स्वामी बनता है। वह प्रजा से वादा करता है कि वह समाजवाद का पालन करेगा पर क्या वह कर पाया? कहीं आपको इसमें कभी  चित्रकार बनने का शौक रखते हिटलर की तो याद नहीं आ रही हैं? अपना साम्राज्य विस्तार करने की रावण की चाह क्या जनता को निरंतर युद्ध में नहीं धकेल रही थी। उसी काल में जब राम पिता के वचन पर राज-पाट त्याग देते हैं। लक्षण उनके साथ वन जाते हैं। भरत उनकी खड़ाऊँ सिंहासन पर विराजमान कर उनके प्रतिनिधि बन शासन करते हैं वहीं उनसे उम्र में दुगने से ज्यादा बड़ा रावण अपनी बहन के पति विद्धुतजीव को मात्र लंका को पाने की इच्छा रखने के लिए मार देता हैं। क्या अमर्त्य का वरदान पाए किसी व्यक्ति को ये शोभा देता है। वो उसे दंड भी दे सकता था पर हत्या? दासी का हाथ पकड़ लेना तो एक बहाना था। जहां सूरा और सुंदरी का खुला खेल हो वहाँ ऐसे बहानों का क्या अर्थ रह जाता है।

 

सुर, असुर और राक्षस की परिभाषाओं से इतर कई स्थानों पर दर्शाया गया है कि जहां राक्षस हैं वहाँ वन उजाड़ हो गए हैं। नदियां सूख गईं हैं। यानि प्रकृति रूठ गई है। क्या हमें दुर्गा शप्तशदी की याद नहीं आटे जहां राक्षसों के मरते ही वायु शुद्ध हो गई। झरने कल कल करते बहने लगे। तो राक्षस की ये परिभाषा निकल कर आती है कि जो लोग प्रकृति का विनाश करें वो राक्षस। राम इन्हीं राक्षसों का वध करने गए थे। सोचना ये भी है कि हमारे अंदर कितना राक्षस आ चुका है।

 

सीता को योद्धा रूप में दिखाना उसे संकाय से जोड़ता है।वैसे भी शिव जी का धनुष उठाने वाली योद्धा तो रही ही होगी। और राम के साथ वन जाते समय उनके अटल निर्णय के पीछे उनका स्वयं की रक्षा करने में समर्थ होना भी रहा होगा। जो राक्षस प्रकृति को असुंदर कर दे वह सुंदर कैसे हो सकता है। मायावी राक्षसनी सुपर्णनखा का सुंदर होना और राम के समीप आने का प्रसंग ज्यादा प्रभाव नहीं छोड़ पाया। जो सुपर्णनखा भरे दरबार में अपने प्रियतम पति का वाढ करने पर मुंह तक नहीं खोल पाती है  उसका नाक-कान पर स्कार लगने पर रावण से कहना कि “इसमें दोषी आप भी हैं” तर्क संगत नहीं लगता। सीता का आगामी खतरे को भांप लेना अवश्य प्रभावी है। वे लक्ष्मण को आगामी खतरे के प्रति आगाह करती हैं। राम को अधिक मानवीय दर्शाने के लिए उन्हें कहीं राक्षसों से भागते दिखाना मानस के राम के उलट है तो दर्शकों को उसे पचाना मुश्किल हो जाता है।

 

वहीं रावण को सीता-राम के वय का दिखाया जाना उचित नहीं है। सीता हरण के समय सीता का चुपचाप विमान में खड़े होकर नीचे देखना कुछ समय पहले स्थापित उनके योद्धा रूप पर आघात है। एक सामान्य स्त्री भी अपहरण का जान बराबर प्रतिरोध करती है। ये सबसे कमजोर स्थापना है। रावण का  सीता को राम को लंका बुलाकर परास्त करने की योजना में एक चारे की तरह इस्तेमाल करना तो समझा जा सकता है पर उनके आभूषण स्वयं ही नीचे फेंकने की स्थापना भी प्रभावी नहीं लगती। इसमें भी सीता की भूमिका नगण्य हो जाती है। यहाँ वे वीर भी नहीं दिखती और विपरीत परिस्थिति में बुद्धि का इस्तेमाल भी करती नहीं दिखतीं।

 

अभिनय की बात करूँ तो रावण बने यश का अभिनय शानदार है। उसके चरित्र में अच्छे से लेकर बुरे तक अनेक शेड्स हैं और उसे उन्हें दिखाने का भरपूर अवसर भी मिला है। रणबीर कपूर राम के रोल में जैसा की संभावना थी बुरे नहीं लगे हैं। बल्कि कई स्थानों पर प्रभावशाली अभिनय किया है। योद्धा सीता के रूप में साई पल्लवी का डील-डौल फिट नहीं बैठता है, न ही उनका सौन्दर्य उत्तर भारत की नायिकाओं के अनुरूप है। सौन्दर्य का मैं इस आधार पर अनुमोदन करती हूँ कि हमने स्त्री के अन्य गुणों को उसके सौन्दर्य के आगे बौना साबित किया है। ऐसे में ऐसी सीता की स्थापना जो त्रिपुर सुंदरी के रूप में न जानी जाती हो सौन्दर्य के बाजार में अपनी सार्थकता को खोजती स्त्री के बरक्स प्रतिभा को स्त्री का सौदारी बनाती है। हालंकी  जितना स्क्रीन स्पेस मिला उन्होंने ठीक अभिनय किया है। लेकिन ऐसा नहीं कि कलाकार में चरित्र जीवंत हो उठे। बाकी कलाकार अपनी जगह सही हैं। दशरथ की भूमिका में रामानंद सागर के राम अरुण गोविल ने न्याय किया है।

 

फिल्म का सबसे मजबूत पक्ष इसकी तकनीकी है। जिससे ये फिल्म भव्य बन जाती है। निर्देशक का पूरा फोकस युद्ध के दृश्यों पर था इसलिए उसने भावनात्मक दृश्यों में कटौती की है। राम का पात्र ऐसा है कि कई जगह आँखें नम होती हैं पर आँसू कहीं नहीं आते । रामलीलाओं के मंचन से हम राम के जिन दृश्यों से रचे बसे हैं वे ठहरते ही नहीं हैं। आते हैं और ओझल हो जाते हैं।

अंत में यही कहूँगी कि अगर आप रमानंद सागर के राम ढूँढने के लिए फिल्म देखने गए हैं तो वह आपको नहीं मिलेंगे। लेकिन तकनीकी युक्त हमारी पौराणिक राम कथा जरूर मिलेगी। फिल्म नई पीढ़ी को राम से जोड़ने का अवसर देती है। घरों में राम के प्रति संवाद का भी अवसर देती है। इसके बाद आप बच्चों को किताबों में राम को समझने के लिए प्रेरित कर सकते हैं । बाकी अभी फिल्म का आधा भाग आना है उसके बाद ही पूरी तस्वीर दिखाई देगी।

वंदना बाजपेयी

वंदना बाजपेयी

यह भी पढ़ें- हब्बा की खोज- दर्द की धुनों पर लिखी आंसुओं की सरगम

स्वर्ण, रक्त और ब्रह्मपुत्र – पुस्तक चर्चा

वंदना वाजपेयी की कहानियाँ : नई संवेदनाओं की कथा-यात्रा

फुल पेंशन हाफ़ टेंशन- एक नजर

आपको ‘नितेश तिवारी की रामायण- भव्यता बेमिसाल दिव्यता पर उठे सवाल’ समीक्षात्मक लेख कैसा लगा ? अपनी राय से हमें अवश्य अवगत कराए।  अगर आपको अटूट बंधन की रचनाएँ पसंद आती हैं तो कृपया साइट को सबस्क्राइब करें व अटूट बंधन फ़ेसबुक पेज लाइक करें । आपका सहयोग हमें बेहतर काम करने की प्रेरणा देगा।

 

Share on Social Media

Leave a Comment

error:

जिस तरह एक स्वस्थ रिश्ते की नींव आपसी विश्वास और समझदारी पर टिकी होती है, उसी तरह परिवार की आर्थिक सेहत के लिए भी सूचित और सतर्क फ़ैसले ज़रूरी हैं। डिजिटल युग में नए-नए वित्तीय विकल्प लगातार उभर रहे हैं, और जो लोग इनकी बारीकियों को समझना चाहते हैं, वे अक्सर bitcoin sázení जैसे विषयों पर विस्तृत जानकारी पढ़ते हैं। हालाँकि, यह कभी न भूलें कि सट्टेबाज़ी में हमेशा जोखिम शामिल होता है और इसे कभी भी आय या पैसा कमाने के भरोसेमंद साधन के रूप में नहीं देखना चाहिए — बेहतर यही है कि ऐसे विकल्पों में केवल उतना ही शामिल हों, जितना आप खोने का खर्च उठा सकते हैं, और ज़रूरत पड़ने पर किसी जानकार से सलाह ज़रूर लें।