темп на довгому трейловому підйомі

प्रियंवदा पाण्डेय की कविताएँ

अपने कलेवर में गहन, सहज बिम्ब और प्रतीकों, और सूक्ष्म भावों की पकड़  के साथ लिखी गई प्रियंवदा पाण्डेय की कविताएँ अपने अंदर सुख-दुख का पूरा संसार समेटे हैं। जीवन को समझने के लिए उनके सामने प्रकृति का आँगन है । जहां मन रूपी नन्ही चिड़िया रचनात्मकता के आकाश को छू लेना चाहती है। उसके उसके उड़ने और चहचहाने से जीवन में जीवंतता है। “चिड़िया का चहचहाना”  एक स्त्री मन की कविता भी है, जहां वे डंके की चोट पर कहतीं हैं कि चिड़िया का चहचहाना कोई मामूली घटना नहीं है। वहीं बाह्य प्रकृति हमारे मन का प्रतिबिंब है। विरह की अवस्था में वही प्रकृति बेनूर, बेस्वाद लगती है। अनुपासतिथि पढ़ते हुए मुझे मानस की याद आती है, “जे हित रहे करत तेइ पीरा। उरग स्वास सम त्रिबिध समीरा || 

आइए पढ़ते हैं उनकी स्त्री मन और पीड़ा को रेखांकित करती कुछ कवितायेँ –

प्रियंवदा पाण्डेय की कविताएँ

चिड़िया का चहचहाना 

उड़ते पक्षियों को
देखती हूं और देखती
रहना
चाहती हूं
उन नन्हें बहुत नन्हें बहुरंगी
पक्षियों को
जिनके रंग का कोई
और रंग नहीं
जिनकी आवाज-सी कोई और आवाज
नहीं
जो उड़ती हैं
उड़ते हैं हमारे हौसले
वह झूमतीं हैं तो जिंदगी
झूमतीं है।
वह उदास होती हैं
तब निचुड़ जाता है पृथ्वी
का रक्त
सुन्न पड़ने लगतीं हैं
पेड़ की
भुजाएं
आसमान की नजर धुंधलाने
लगती है
प्रकृति अज्ञात पक्षाघात की चपेट
में आ जाती है।
सचमुच!
चिड़िया का चहचहाना
इस धरती पर कितनी सुखद
घटना है!!

दिसम्बर की कंदील पर

कुहरे मे लिपटी इस
दिसम्बर की सुबह
बोरसी-सी दहकती इच्छाओं की
आँच मे झिलमिल करती वेदना के मध्य
अग्नि हँसकर लिखती है
ठंड की सबसे उष्ण
कविता
कटाक्ष के तीर चलाती हवा
की सरसराहट चीरती है
अंधकार का घुप्प ।
दोपहर की कोट मे आरोह का बटन टाँकता दिन
बढ़ता है यौवन की तरफ
यथार्थ के चाटे से भी निर्मम तुम्हारे
मौन को दरकिनार कर
दिन की चन्चु मे भरी उद्दाम
आशाएँ जब
चुन रही होती हैं एक दहकता
पिण्ड सूरज-सा
स्मरण का पक्षी रख जाता है एक
दिया हथेली पर
जल उठते हैं यातना के बारहोमास
दिसम्बर की कंदील पर।

तुम्हारा उच्छिष्ट

आकाश का अनंत विस्तार
तुम्हारा अंगवस्त्र
चाँद का वंकिम कटाक्ष तुम्हारी
चितवन।
सफेद साफ़े मे
शरद की तहरीर-से
बँधे
कास-फूल
यह लता यह पुष्प
यह नदियों के बेलबूटों
से सजा संसार
तुम्हारा कुर्ता
तुम्हारी देह से छूटा उद्वर्तन
समय का नर्तन।
आशीर्वाद-मे झरते मोतियों-से
ओसबिन्दु
रश्मियाँ सूर्य की तुम्हारी प्रचारिकाएँ
दोपहर की धवल धूप
तुम्हारी दीप्ति
हवा की दुन्दुभि
इच्छाओं का सप्तस्वर

अनंत का अनहद
तुम्हारा वक्तव्य
शस्यगुम्फित धरा-सा
प्रफुल्लमन।

सहचर!
यह संसार मुझे तुम्हारा उच्छिष्ट
लगता है।

 

वंचित-उपेक्षित स्त्रियों को समर्पित

उन्हें करीब से देखते हुए
जिन्होंने नहीं देखा कोई वसंत
देखकर भी।
समझ होने के बाद भी नहीं
समझ पाईं वसंत का होना।
वह जिनके जीवन में
ऋतुचक्र का रंग
सिर्फ लाल और सफ़ेद था
सावन-फागुन उनके आँगन में नहीं
आँखों में उगते-तिरोहित होते थे।
जिन्होंने नहीं जाना प्रेम-बलिदान
दोनों के रंग लगभग एक-से हैं।
वह जिए जाती रहीं जीवन
फ़रेब के आँचल से आच्छादित
चोचलों की बिन्दी से शोभित
खनकती रही
तानों-उलाहनों की चूड़ियाँ
जिनकी कलाईयों में।

कटता रहा जिनका जीवन
ठीक आज के शुक्रवार की तरह
चीत्कार करते चल रहे
वक्त के पहिये के साथ।
उन्होंने झेला दर्द का कंपन
पृथ्वी की तरह
बार-बार पर
नहीं गिनी गई उनकी कोई क्षति
कभी भी
जिनके जीवन में अपना कोई वसंत नहीं था
जिन्होंने साध लिया था स्वयं को
सरौते के बीच सधी
सुपारी की तरह।
उनके लिए जीवन काटने का हुनर कहीं
वसंत से बढ़कर है।

 

अनुपस्थिति

जब हम बेहद उदास होते हैं
यह दिन और
रातें भी उदास
लगती हैं
नहीं दिखता है
कोई
रंग फूलों में;न गंध
महसूस होती है।

आसमान दिखता है
वैधव्य की चादर ओढ़े
नहीं करती है
आनंद की
जुगाली धूप
हमारी चौखट पर ।
वनस्पतियां गिरफ्तार होती हैं
अज्ञात चुप में ।
किसी के विरह में शिथिल रहती है
नन्हीं चिड़िया।

नहीं कूकता है कोई सारस साथी
के प्रणय में ।
पुष्कर में प्राण खोने को विकल
रहता है
इंदीवर ।

एक निषेधाज्ञा-सी दिखाई देती है
पूरी पृथ्वी पूरी प्रकृति पर।

प्रिय!
तुम्हारी अनुपस्थिति
कितना कुछ बदल देती है।

प्रियंवदा पाण्डेय

यह भी पढ़ें –

बस कह देना कि आऊँगा- काव्य संग्रह समीक्षा

काव्य कथा -गहरे काले रंग के परदे

एक सुकोमल नार की ‘सम्पा’ सुनाती है कथा

आपको “प्रियंवदा पाण्डेय की कविताएँ ” कैसी लगी ? अपनी राय से हमें अवश्य अवगत कराएँ । अगर आपको अटूट बंधन की रचनाएँ अच्छी लगती हैं तो कृपया साइट को सबस्क्राइब करें व अटूट बंधन फ़ेसबुक पेज को लाइक करें । आपका छोटा सा सहयोग हमें बेहतर काम करने की प्रेरणा देगा ।

Share on Social Media

Leave a Comment

error:

जिस तरह एक स्वस्थ रिश्ते की नींव आपसी विश्वास और समझदारी पर टिकी होती है, उसी तरह परिवार की आर्थिक सेहत के लिए भी सूचित और सतर्क फ़ैसले ज़रूरी हैं। डिजिटल युग में नए-नए वित्तीय विकल्प लगातार उभर रहे हैं, और जो लोग इनकी बारीकियों को समझना चाहते हैं, वे अक्सर bitcoin sázení जैसे विषयों पर विस्तृत जानकारी पढ़ते हैं। हालाँकि, यह कभी न भूलें कि सट्टेबाज़ी में हमेशा जोखिम शामिल होता है और इसे कभी भी आय या पैसा कमाने के भरोसेमंद साधन के रूप में नहीं देखना चाहिए — बेहतर यही है कि ऐसे विकल्पों में केवल उतना ही शामिल हों, जितना आप खोने का खर्च उठा सकते हैं, और ज़रूरत पड़ने पर किसी जानकार से सलाह ज़रूर लें।